अछनेरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछनेरा में प्रसूताओं से प्रसव कराने के लिए वसूली का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत भी की है। विद्यापुर निवासी प्रसूता आसमा पत्नी जान मोहम्मद ने बताया कि सामान्य प्रसव के लिए एक नर्स ने डॉक्टर के नाम पर 1500 रुपये लिए। इसके अलावा वार्ड तक ले जाने के लिए 50 रुपये, दवाइयों के लिए 500 रुपये और सफाईकर्मी के लिए 100 रुपये वसूले गए। वहीं पुरामना निवासी प्रसूता कृष्णा की तीमारदार ओमवती ने भी प्रसव के नाम पर 2500 रुपये वसूली का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित स्टाफ नर्स को नोटिस जारी कर जांच कराई जाएगी। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में सभी सेवाएं पूरी तरह से निशुल्क हैं। संवाद