फोटो 21 कब्जे की शिकायत पर मौके पर जाकर अभिलेखों की जांच करते जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह
मैनपुरी। ‘साहब भू-माफियाओं ने ग्राम समाज की भूमि को आबादी में घोषित कराकर बाईपास में दो करोड़ रुपये का मुआवजा ले लिए है। इसे मुक्त कराइए।’ गोधना के निवासी शैलेंद्र सिंह ने घिरोर थाने में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी से यह शिकायत की। उन्होंने कहा कि गाटा संख्या 859 में 39 बीघा जमीन है, जिसमें 28 बीघा भूमि ग्राम समाज में दर्ज है। इस भूमि पर राजस्व कर्मियों की मिली भगत से भू-माफिया ने जाली दस्तावेजों के आधार पर मुआवजा ले लिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भूमाफियाओं पर मुकदमा दर्ज कराकर धनराशि सरकार के खाते में जमा कराई जाए और अवैध कब्जे को हटाया जाए। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर स्वयं निरीक्षण किया और अवैध कब्जे को ध्वस्त कराया। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी घिरोर को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शनिवार को थाना घिरोर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा संयुक्त रूप से मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने समाधान दिवस में अनाधिकृत कब्जे की शिकायतों पर राजस्व और पुलिस की टीम को मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक भूमि, तालाब, मरघट, विद्यालय की भूमि, चकमार्ग, चक रोड, आमजन के मार्ग आदि पर कब्जा ना हो, इसके भी जिम्मेदारों को निर्देश दिए। समाधान दिवस में तीन शिकायतें आईं। जिसमें सत्यपाल पुत्र रामावतार निवासी गुढ़ी ने जमीन माप से संबंधित शिकायत की। वहीं दूसरी शिकायत संजय कुमार निवासी मुगलपुरा ने की, उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट की घटना के संबंध में पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही, जिसके बाद एसपी ने संबंधित थानाध्यक्ष को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। हिम्मतपुर उजियारी निवासी अभिनव ने समाधान दिवस में शिकायत करते हुए बताया कि गांव के इंद्रजीत ने कंडे और घूरे रखने वाली जगह पर कब्जा कर लिया है। खेत का अनाज रखने वाली जगह को भी कब्जा लिया है। वहां पर मकान का निर्माण कर रहा है। कई बार विरोध किया गया लेकिन इंद्रजीत ने एक न मानी। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में मौजूद कानूनगो और लेखपालों को निर्देश दिए कि यहां बैठकर समय न गंवाए और एसआईआर के कार्य में तेजी दिखाएं व क्षेत्र में जाकर इस कार्य को पूर्ण करें। इसके बाद पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने आईजीआरएस की शिकायतों की जानकारी ली और अपराध रजिस्टर की पड़ताल के साथ हेल्प डेस्क पर बैठी महिला आरक्षी को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।