बरहन। क्षेत्र के गांव नगला बरी में खड़ी फसल वाले खेतों में विद्युत खंभों पर तार खींचने का विरोध पर सोमवार को हंगामा हो गया। फसल कटने के बाद तार खींचने की कहने पर किसानों ने कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर और मजदूरों पर हमले का आरोप लगाया है। भाकियू भानू और किसानों ने थाने में सुपरवाइजर के खिलाफ प्रार्थनापत्र दिया है।
नगला बरी निवासी किसान पुष्पेंद्र ने बताया कि कानपुर की एक कंपनी यहां विद्युतीकरण का काम करा रही है। कंपनी का सुपरवाइजर सोमवार को मजदूरों को लेकर पहुंचे और खेत में लगे खंभों से तार खींचने लगे। इस पर किसान जुट गए। खड़ी फसल के ऊपर से तार खींचने से मना किया। आरोप है कि इस पर सुपरवाइजर और साथ रहे मजदूरों ने किसानों पर हमला कर दिया। किसान जान बचाकर वहां से भागे। पुष्पेंद्र के अलावा मनोज कुमार, रघु दीक्षित, आकाश, अरुण, सतीश पचौरी, तारा चंद्र, अमर सिंह, प्रेम पाल, अनिल कुमार, दिनेश कुमार, राम नाथ, भगवान सिंह, विनय पचौरी आदि ने पुलिस से शिकायत की है।