आगरा में पान मसाला और गुटखा निर्माताओं और वितरकों पर वाणिज्य कर विभाग ने बीते दिन छापा मारा था। इसके बाद आज फिरोजाबाद में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सेंट्रल जीएसटी टीम के सर्वे में कर चोरी मिली। इस पर विभाग ने राजा का ताल स्थित आलोक ग्लास वर्क्स पर 5.53 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जीएसटी अफसरों के मुताबिक, सर्वे में कांच इकाई के जीएसटी प्रपत्र और मौके पर मिले स्टॉक में लगभग दो लाख 53 हजार रुपये का अंतर पाये जाने पर जुर्माना लगाया गया है।
खरीद-बिक्री के प्रपत्र और भौतिक स्टॉक में मिला अंतर
सेट्रल जीएसटी मैनपुरी संभाग और स्थानीय जीएसटी अफसरों की टीम ने बुधवार की शाम राजा का ताल स्थित आलोक ग्लास वर्क्स में सर्वे की कार्रवाई की थी। विभागीय पोर्टल पर उक्त इकाई का प्रदर्शन रेड फ्लैग के तौर पर प्रदर्शित हो रहा था। गड़बड़ी की संभावना के मद्देनजर आलोक ग्लास वर्क्स का सर्वे टीम ने किया। सर्वे टीम शामिल अफसरों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आलोक ग्लास वर्क्स के गोदामों में तैयार माल, बाहर से आयतित कच्चे माल की खरीद-बिक्री के प्रपत्र और भौतिक स्टॉक में करीब दो लाख 53 हजार का अंतर आया।
देर रात तक चली कार्रवाई
बुधवार की देर रात तक चली कार्रवाई के बाद 5.53 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। संयुक्त आयुक्त सीजीएसटी श्यामा प्रसाद के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर आनंद सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल डॉ. सतीश कुमार सिंह, रमेश कुमार और अरविंद कुमार के अलावा वाणिज्य कर अधिकारी नंद किशोर, प्रेमदत्त शर्मा, बृजेद्र सिंह और अरुण कुमार यादव आदि मौजूद रहे।