वाणिज्य कर विभाग की व्यापारियों पर नजर
-होली से पूर्व कर चोरी रोकने को बनाया प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। होली से पूर्व कर चोरी रोकने को वाणिज्य कर विभाग ने पहल की है। होली पर दूसरे शहरों से माल लाकर बेचने वाले व्यापारियों पर विभाग की नजर है। कर चोरी पर अंकुश लगाने केे लिए विभाग ने तैयारी की है।
होली से पूर्व व्यापारियों पर वाणिज्य कर विभाग की नजर रहेगी। होली से पूर्व दुकानदार बाहरी जिलों से माल लाकर उसको खुले बाजार में बेचते हैं। होली पर खरीद फरोख्त आम दिनों की अपेक्षा अधिक होती है। होली पर मुनाफा कमाने के लिए कई दुकानदार बिना कर चुकाए बाहर से माल लाकर उसकी बिक्री करते हैं। वाणिज्य कर विभाग ने पुराने अभिलेख खंगाले हैं। पुराने अभिलेखों के आधार विभाग ने होली पर बड़ा व्यापार करने वालों की सूची तैयार की है। होली से पूर्व वाणिज्य कर विभाग अभियान चलाकर कर चोरी रोकेगा। विभाग ने कर्मचारियों को सतर्क रहकर योजना बनाकर काम करने को कहा है। कर चोरी रोकने के लिए वाणिज्य कर विभाग अभियान के दौरान चिन्हित किए गए पंजीकृत और अपंजीकृत व्यापारी टीमों के निशाने पर होंगे। कर चोरी पाए जाने पर मिले माल पर दस गुना तक जुर्माना वसूला जाएगा।
तीन टीमें करेंगी काम
होली से पूर्व कर चोरी पकड़ने के लिए सहायक आयुक्त सचल दल की टीम मोबाइल रहकर काम करेगी। इसके अलावा एसआईबी (स्पेशल इंवेस्टीगेशन ब्रांच) सहित दो टीमें कर चोरी रोकेंगी। बाहर से आने वाले माल पर टीमों की नजर रहेगी। जिले की सीमाओं पर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी चेकिंग करेंगे।
होली पर व्यापारियों द्वारा बड़े स्तर पर व्यापार किया जाता है। कई व्यापारी इस दौरान कर चोरी भी करते हैं। कर चोरी रोकने के लिए सचल दल लगातार काम करेगा। कर चोरी मिलने पर दस गुना तक जुर्माना वसूला जाएगा।
विजय बहादुर, सहायक आयुक्त सचल दल