आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित एक कोचिंग में शिक्षक ने रिसेप्शनिस्ट से छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता किसी तरह आरोपी शिक्षक से बचकर कोचिंग से बाहर आई। परिजन को जानकारी देकर बुलाया। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। थाना हरीपर्वत के नेहरू नगर इलाके की कोचिंग में सादाबाद, हाथरस की रहने वाली पीड़िता रिसेप्शनिस्ट थी। पीड़िता ने बताया कि वह रविवार सुबह 9:30 बजे कोचिंग में ड्यूटी पर आई थी। उस दिन उसे छुट्टी के बाद भी अतिरिक्त कार्य के बहाने बुलाया गया था। एक घंटे बाद कोचिंग के शिक्षक विजय यादव भी आ गए। सामान्य बातचीत के बाद अपने साथ खाना खाने के लिए बुलाया तो उसने मना कर दिया। इस पर विजय ने फिल्म देखने का दबाव बनाया। उसके मना करने पर केबिन में बुलाया और जबरदस्ती करते हुए पकड़ लिया। युवती ने धक्का देकर किसी तरह खुद को छुड़ाया। कोचिंग से बाहर आने पर परिजन को जानकारी दी। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी शिक्षक विजय यादव को गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं। साक्ष्य संकलन कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।