कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव खलौरा में रिवाल्वर चोरी होने के मामले में दर्ज एफआईआर में तकनीकी कमी होने पर सीओ पटियाली ने जीडी मुंशी और थाना प्रभारी को लापरवाह मानते हुए पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजी। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। विभागीय जांच सीओ सिटी अजीत चौहान को सोंपी। मामले की जानकारी पर पुलिस विभाग में खलबली मची है।सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम खलौरा निवासी इंद्रपाल के घर में 19 जनवरी की रात्रि चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी से रिवाल्वर और बैटरी चोरी कर ली। मामले में उसने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। एफआईआर दर्ज करते समय जीडी मुंशी से एफआईआर दर्ज करने में तकनीकी कमी हो गई। एफआईआर हस्ताक्षर होने के लिए सीओ पटियाली के पास पहुंची तो उसमें कमी पर उन्होंने सवाल किए।मामले में संबंधित जीडी मुंशी और थाना प्रभारी की लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजी। पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए मामले की विभागीय जांच सीओ सिटी अजीत चौहान को सौंपी है। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि विभागीय जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर पुलिस अधीक्षक को भेजी जाएगी।