गंजडुंडवारा। एटा हाईवे पर स्थित प्रेम जी पैलेस पर शनिवार को सीओ पटियाली ने छापा मारा। होटल के अंदर संदिग्ध गतिविधियां चलती मिलीं। एक कमरे में नाबालिग जोड़ा मिला । पुलिस ने होटल इंचार्ज से पूछताछ की, लेकिन वह उनके ठहरने से संबंधी कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने होटल के 10 कमरे सील कर दिए हैं। संचालक को दस्तावेज के साथ तलब किया है सीओ पटियाली संदीप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार की दोपहर एटा हाईवे पर नहर के पास स्थित प्रेम जी पैलेस होटल पर छापा मारा। पुलिस टीम ने होटल की ऊपरी मंजिल पर बने 10 कमरों की तलाशी ली। इनमें से एक कमरे में नाबालिग युवक और युवती ठहरे मिले। पूछताछ में दोनों होटल में ठहरने का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। पुलिस ने होटल इंचार्ज से रजिस्टर और रूम एंट्री रिकॉर्ड मांगा तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने होटल संचालन से जुड़े रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज भी मांगे, लेकिन वे भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जांच में पता चला कि होटल बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के चल रहा था। पुलिस ने होटल के 10 कमरों को सील कर दिया है। सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने बताया कि पैलेस में न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही पार्किंग की व्यवस्था है। ऐसे में होटल आने-जाने वाले लोगों की निगरानी संभव नहीं है। होटल संचालक से रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज मांगे गए हैं। संचालक दस्तावेज नहीं दिखा पाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।