कासगंज। बेसिक शिक्षा परिषद के ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र के विद्यालयों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के लिए एक अच्छी खबर है। इन कर्मियों को कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।जिले से पांच लिपिकों के तबादले के बाद शासन से उनकी जगह नई तैनाती नहीं की है। सात विकास क्षेत्र एवं तीन नगर क्षेत्र में मात्र तीन लिपिक ही वर्तमान में तैनात हैं। जिसका असर विभाग के कामकाज पर पड़ रहा है। अब इन पदों को चतुर्थ श्रेणी कर्मी को पदोन्नत करके भरने की योजना बनाई गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि शासन से चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत करने के आदेश मिले हैं। 1 जुलाई 2024 तक पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मियों को मौका मिलेगा। कर्मियों की लिखित परीक्षा होगी। आवेदक के अंकों के आधार पर सूची तैयार की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी अपने क्षेत्र के चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के आवेदन पत्र व हाईस्कूल शैक्षिक प्रमाणपत्र सहित 12 अगस्त तक कार्यालय में जमा करा दें।