एत्माद्दौला क्षेत्र के मोहल्ले में हुआ विवाद
- फोटो : वीडियो से ली गई तस्वीर
एत्माद्दौला के अंजनी विहार में एक परिवार से मारपीट कर दी गई। आरोप है कि गैस रिफलिंग के विरोध पर हॉकरों ने मारपीट की। पुलिस से शिकायत की गई, मगर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। अब पीड़ित परिवार को फिर से धमकी मिल रही है। मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
अंजनी विहार, कालिंदी विहार, एत्माद्दौला निवासी जयंती प्रसाद कुशवाह ने बताया कि रिहायशी इलाके में गैस रिफलिंग की जाती है। इसके विरोध पर 10 मई को शाम 5:00 बजे कुछ लोगों ने घर से बुलाकर मारपीट की। उनके दो पुत्र और थे। जैसे ही तीनो लोग बाहर आए, वैसे ही सभी लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट की। बीच-बचाव करने गई महिलाओं से भी लोगों ने बदतमीजी की।
थाने में शिकायत की, लेकिन समझौता हो गया। बृहस्पतिवार रात को फिर से पीड़ित परिवार से गालीगलौज की गई। अब जयंती प्रसाद का आरोप है कि वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं। पूर्व में हुई मारपीट का वीडियो भी वायरल हो गया है।
ये भी पढ़ें: ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त लूटकांडः पुलिस को छका रहा मास्टर माइंड सम्राट, पचास हजार इनाम घोषित
थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक का कहना है कि घरों के बाहर रैंप का विवाद है। दोनों पड़ोसी हैं। एक हॉकर है। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। कोई तहरीर नहीं दी गई। पुलिस की ओर से धारा 144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया था। मारपीट का वीडियो सामने आया है। मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।