कासगंज। सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच जैन समाज की शोभायात्रा के मद्देनजर पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी के सफाई करने पहुंचने को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक और हाथापाई हो गई। पालिका अध्यक्ष परिवार सहित जैन मंदिर के बाहर धरने पर बैठ गईं। वहीं, सफाईकर्मियों ने कोतवाली का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों ने इस मामले में एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। दरअसल, सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर बृहस्पतिवार से हड़ताल पर हैं। इसके चलते वे गांधी मूर्ति पर धरना दे रहे हैं। उनकी हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। इस बीच शुक्रवार को निकलने वाली शोभायात्रा के आयोजन के लिए जैन समाज के लोग पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी के पास पहुंचे और उनके समक्ष सफाई की व्यवस्था करवाने की मांग रखी। इसके बाद पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी, उनके पति पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बाेहरे, पुत्र भोला एवं पालिका कर्मियों के साथ सफाई करने के लिए पहुंचीं और सफाई का कार्य शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी जब सफाईकर्मियों को हुई तो वे धरना स्थल से जैन मंदिर के पास पहुंच गए और विरोध जताया।इस पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझाेंक के साथ हाथापाई हो गई। काफी देर तक जोरदार हंगामा होता रहा। इसके बाद पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी अपने परिवार के सदस्यों व पालिका कर्मियों के साथ जैन मंदिर के बाहर धरने पर बैठ गईं। वहीं, आक्रोशित सफाईकर्मी काेतवाली पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस मामले में सफाईकर्मी अनीता ने पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बोहरे, उनके पुत्र भोला व 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट व गालियां देने आदि का आरोप लगाते पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पालिका अध्यक्ष ने चर्च कंपाउंड निवासी सोनू भंडारी, मोहित तेजधारी, राजेश, गंगेश्वर कालोनी निवासी मुकेश, शेखपुलिया मोहल्ला निवासी राम खिलाड़ी, अहरौली निवासी रमेश व 15 -20 अन्य के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज करने व साड़ी खींचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।