कासगंज। जिले के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। परिषदीय स्कूलोंं में पढ़ने वाले बच्चों को आगामी 30 दिनों तक मौज मस्ती करने का मौका मिलेगा। जिससे बच्चे काफी खुश नजर आ रहे हैं। ग्रीष्मावकाश के बाद अब 18 जून से स्कूल खुलेंगे।जिले में 1263 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। शासन से अब स्कूलों में होने वाले अवकाशों की व्यवस्था में बदलाव कर दिया है। ग्रीष्मावकाश में से 15 दिन की कटौती करके इतने दिन के शीतकालीन अवकाश शैक्षिक कैलेंडर में शामिल कर दिए गए हैं। 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश लागू किए गए हैं। वहीं 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मावकाश लागू किए गए हैं। इस वर्ष 19 मई को रविवार का अवकाश होने की वजह से शनिवार को अवकाश से पहले पढ़ाई का अंतिम दिन रहा। इस समय मौसम में काफी गर्मी है। भीषण गर्मी के बीच बच्चों को स्कूल में आना काफी अखर रहा था। जैसे ही स्कूलों में बच्चों को ग्रीष्मावकाश की जानकारी दी गई बच्चे खुशी से चहक उठे। बच्चों को इस साल 17 जून तक मौज मस्ती करने का मौका मिलेगा। 16 जून का रविवार है जबकि 17 जून को ईद का अवकाश है।