गलत उपचार से हुई थी बालक की मौत, झोलाछाप पर होगा केस
गलत उपचार से जुलाई में हो गई थी बालक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछापों के विरूद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को जहां दो झोलाछापों पर एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने ज्योंती रोड निवासी एक झोलाछाप पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना कोतवाली क्षेत्र में ज्योंती रोड पर दीपू विश्वास द्वारा अवैध रूप से बंगाली क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। 2 जुलाई को यहां औंछा निवासी प्रवीन कुमार ने अपने छह साल के पुत्र को भर्ती कराया था। प्रवीन ने उच्चाधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में कहा था कि दीपू विश्वास के गलत उपचार के चलते उसके पुत्र की हालत बिगड़ गई थी। बाद में उसके पुत्र को डॉ. एमएल गुप्ता के यहां भर्ती कराया गया था। यहां से सैफई से लखनऊ और लखनऊ से वापस फिर सैफई में 21 जुलाई को उसके पुत्र की मौत हो गई। प्रवीन की शिकायत पर एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने दीपू विश्वास से क्लीनिक संबंधी अभिलेख मांगे लेकिन दीपू उपस्थित नहीं हुआ। मंगलवार को एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर भेजकर मामला दर्ज करने को कहा। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता का कहना था कि कोई भी व्यक्ति बिना पंजीकरण के अस्पताल या क्लीनिक संचालन का प्रयास न करे।