कासगंज में ई रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करते एआरटीओ आरपी मिश्रा।
कासगंज। उप संभागीय परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने बुधवार को शहर में वाहन चेकिंग के अभियान चलाया। नियमों के उल्लंघन पर 82 वाहनों के चालान काटे हैं। अवैध रूप से दौड़ रहे 14 ई-रिक्शों को जब्त किया है। एआरटीओ आरपी मिश्र एवं यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बुधवार को शहर के कासगंज-सोरोंजी मार्ग, राजकोल्ड तिराहा, सोरों गेट पुलिस चौकी, बिलराम गेट चौराहा, बस स्टैंड, नदरई, बाइपास रोड पर वाहनों की चेकिंग की। अवैध रूप से दौड़ रहे बिना चेसिस नंबर वाले 14 ई-रिक्शों को जब्त किया है। वहीं यातायात नियमों की उल्लंघन पर टू व्हीलर, थ्री व्हीलर, फोर व्हीलर 82 वाहनों के चालान काटे हैं। एआरटीओ ने आरपी मश्र ने बताया कि बिना चेसिस नंबर के चल रहे ई-रिक्शा अवैध रूप से दौड़ रहे हैं। जिन ई-रिक्शा के पर चेसिस नंबर पड़े हैं और परिवहन विभाग में रजिस्ट्रेशन नहीं है वह अपने ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन के लिए डीलर के यहां पहुंचकर फार्म भरकर जमा कर दें। ताकि उनके ई-रिक्शे का रजिस्ट्रेशन हो सके। बिना चेसिस नंबर के दौड़ रहे ई-रिक्शों को नष्ट किया जाएगा। इनके पार्ट्स स्वामियों को दिए जाएंगे।