कासगंज। ढोलना क्षेत्र में सरकार द्वारा मुफ्त सिलाई मशीन की योजना के अंतर्गत महिलाओं को मुफ्त सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर उनसे ठगी की गई। पीड़ित महिलाओं ने थाने में तहरीर दी है। ढोलना गांव वाहिदपुर माफी निवासी नेमवती ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो अज्ञात लोग बाइक से गांव में आए। जिन्होंने सरकार द्वारा फ्री सिलाई मशीन दिए जाने के योजना के बारे में जानकारी दी। पंजीकरण कराए जाने के नाम पर फिंगर मशीन पर अंगूठा लगवाया और कई महिलाओं के खातों से 1000 रुपये से 5000 रुपये तक निकाल लिए। गांव की गीता देवी के खाते से 4600 रुपये, काज के खाते से 1200 रुपये, तारा देवी के खाते से 1000 रुपये की निकासी कर ली गई। इसकी जानकारी मोबाइल पर रुपये निकाले जाने के मैसेज आने पर हुई। महिलाओं ने बैंक जाकर पता किया तो रुपये की निकासी की जानकारी हुई। पीड़ित महिलाओं ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। सीओ अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच -पड़ताल कराई जाएगी। जो तथ्य सामने आएंगी उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।