कासगंज। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने निर्देश दिए कि हाईवे व जनपद के मुख्य मार्गो पर अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गोशाला भेजा जाए। जिससे यातायात प्रभावित न हो व यात्रियों को असुविधा न हो। सभी गोशालाओं के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला स्तरीय अनुश्रवण मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि सभी गोशालाओं में गोशालाओं संबंधी आवश्यक अभिलेख अवश्य पूर्ण रखे जाएं और बरसात के मौसम में चारागाहों में घास लगवाई जाए। जिससे पशुओं को भूसे के साथ हरा चारा भी मिल सके। गोवंशों के लिए शेड व पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। बारिश का पानी एकत्रित न होने पाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सोरोंजी के ग्राम मुन्नवरपुर गड़ैइया व सहावर के बड़ा गांव में दो वृहद गोशालाओं के लिए भूमि चयनित कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जिसमें से बड़ा गांव की भूमि मृदा परीक्षण में अनुकूल न पाए जाने के कारण अन्यत्र भूमि का चयन किया जाना है। इसके साथ ही नगर पालिका कासगंज में भी एक कान्हा गोशाला के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।