सीबीएसई ने कक्षा 12वीं और 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। आगरा में हाईस्कूल में 15,939 और 12वीं के 14,354 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परिणाम जारी होते ही छात्रों की धड़कनें बढ़ गईं। हालांकि परिणाम सामने आने पर बच्चों ने राहत की सांस ली। आगरा में कनक गोयल ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ कॉमर्स स्कीम में जिला टॉप किया है। वहीं मनस्वी बंसल 96. 6 प्रतिशत अंकों के साथ वाणिज्य वर्ग में जिले में दूसरे स्थान पर हैं। वाणिज्य वर्ग की दोनों टॉपर सुमित राहुल गोयल मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल छात्राएं हैं।
वहीं फिरोजाबाद जिले में 15 फरवरी से सीबीएसई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की बोर्ड परीक्षा जिले में 14 केंद्रों पर शुरू हुई थी। हाईस्कूल की परीक्षा में 5600 और इंटरमीडिएट में 4760 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। शुक्रवार सुबह 11.30 बजे सीबीएसई ने इंटरमीडिएट का परिणाम घोषित किया। जानकारी होने पर स्कूल संचालक और छात्र-छात्राएं परिणाम देखने में जुट गए।
संचालक और अभिभावकों ने मेधावियों को बधाई दी
यहां 12वीं में शिकोहाबाद के द एशियन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा पलक अग्रवाल 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया। हाईस्कूल शिकोहाबाद के डीपीएस की छात्रा सिद्धिका भी 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर रही हैं। बंपर नंबर मिलने पर अन्य मेधावी भी खुशी से उछल पड़े। स्कूल संचालक और अभिभावकों ने मेधावियों को बधाई दी।
मैनपुरी में 25 कॉलेजों कुल 2663 छात्र-छात्राएं सीबीएसई 12वीं में पंजीकृत थे। इसमें 2595 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। शुक्रवार को परीक्षा का परिणाम आया तो 1977 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित हुए। जिले में 12वीं का परीक्षा परिणाम 76.18 प्रतिशत रहा। इस बार 12वीं के परीक्षा परिणाम में बेटियों का जलवा कायम रहा। बीते वर्ष की तरह ही इस बार भी जिले के टॉप थ्री में बेटियों ने ही बाजी मारी।
इन्होंने किया टॉप
सुदिती ग्लोबल एकेडमी की छात्रा वैष्णवी ने 98.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया। वहीं इसी विद्यालय की मुस्कान यादव 98 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर सुदिती ग्लोबल एकेडमी की छात्रा प्रियांशी यादव और जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव की छात्रा आरुषी पाल ने संयुक्त रूप से 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।