उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि युवक रात के समय युवती के घर पहुंचा था। युवती के घरवालों ने उसे देख लिया। युवक को पकड़ने के बाद उसे जमकर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी दंपती सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
ये है घटना
गांव निवासी 24 वर्षीय दुर्वेश यादव बुधवार की रात करीब 12 बजे गांव की रहने वाली एक युवती के घर में घुस गया। वह युवती के कमरे में मौजूद है। इसकी जानकारी जब युवती की मां, पिता और बहनों को हुई तो सभी ने मिलकर उसे पकड़ लिया और कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया वहां कुछ देर में दुर्वेश ने दम तोड़ दिया। एएसपी विजय पाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवती की मां, पिता और एक बहन को हिरासत में लिया गया है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
तीन लोगों को लिया गया हिरासत में
मामले की जानकारी देते हुए एसपी मैनपुरी कमलेश दीक्षित ने बताया कि युवक बुधवार की रात युवती के घर में घुसा था, परिजन की पिटाई से घायल युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
बेटियों को गंदी नजर से देखते थे युवा, किए पर नहीं है पछतावा
थाना क्षेत्र के गांव नगला तार में युवक की पीटकर हत्या के बाद पुलिस जांच में जुटी है। दंपती सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। महिला ने पुलिस हिरासत में चीखते हुए कहा कि उसे अपने किए पर पछतावा नहीं है। उसकी आठ बेटियों पर गांव के युवा गंदी नजर रखते थे। पिता बोला, इस घटना के बाद से मेरी सभी आठ बेटियां सम्मान के साथ जी सकेंगीं।
युवक की हरकतों से थे तंग
थाना में मौजूद युवती की आरोपी मां और बहन ने युवक को पीटने की बात से इंकार नहीं है। उनका कहना है कि युवक की हरकतों से तंग आ गए थे। उन्हें अपने किए पर किसी भी तरह का पछतावा नहीं है। वहीं इस हत्या के मामले में पकड़े गए युवती के पिता का कहना है कि उसके कोई पुत्र नहीं है, सिर्फ आठ बेटियां हैं। इनमें से एक की शादी हो चुकी है, वहीं एक रिश्तेदार के यहां है। बेटियों पर गांव के कुछ युवक गंदी नजर रखते हैं। वह अपना काम करे कि बेटियों की सुरक्षा। जब युवक रात को अचानक सामने आया तो उन्हें कुछ समझ में नहीं आया और फिर जो भी कुछ हुआ, उसका उन्हें अब कोई मलाल नहीं है। उधर मृतक युवक के परिजनों की ओर से दुर्वेश को घर से ले जाने के बाद पीटकर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।