यमुना एक्सप्रेसवे पर हाल ही में चलती बाइक में लगे बैग ने आग पकड़ ली। यूपी 100 ने चार किलोमीटर गाड़ी दौड़ाकर वाहन चालक को रोका और समय रहते आग बुझाई। सोमवार को मथुरा जनपद में भी एक बाइक में आग लग गई। आग बाइक पर लगे बैग से लगी। आनन-फानन में लोगों ने बाइक सवार को रुकवाया और आग बुझाई।
मांट-नौहझील मार्ग पर एक बाइक में पीछे की ओर आग लग गई। चालक को आग लगने का पता नहीं चला। टैंटीगांव के निकट ग्रामीणों ने बाइक में पीछे की ओर आग की लपटें उठती देख युवकों ने शोर मचा कर बाइक को रुकवाया, लोगों ने धूल-मिट्टी डाल कर बाइक में लगी आग बुझाई।
संजय ठाकुर पुत्र शिवदयाल निवासी बहज डींग राजस्थान रविवार को अपनी रिश्तेदारी नौहझील गया था। सोमवार की सुबह नौ बजे वह नौहझील से लौट कर अपने गांव जा रहा था। टैंटीगांव तिराहे पर पहुंचा ही था कि बाइक में आग लगी देख ग्रामीणों ने शोर मचा कर बाइक सवार को रुकवाया। ग्रामीणों की मदद के चलते चालक बाल-बाल बच गया। गर्मियों में बैग से आग लगने की घटनाएं देखने को मिल रही है।