खाते से निकाली गई नकदी कराई वापस
कोतवाली में दर्ज कराई थी रिपोर्ट, साइबर सेल कर रही थी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी एक युवक के खाते से निकाली गई धनराशि साइबर सेल द्वारा मंगलवार को वापस कराई। घटना के बाद पीडि़त ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी जगदीश सिंह की ओर से एसपी विनोद कुमार को प्रार्थनापत्र दिया गया था। बताया कि किसी व्यक्ति द्वारा फोन कर उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से 51 हजार रुपये निकाल लिए हैं। उक्त शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। वहीं मामले की जांच साइबर सेल की टीम को सौंपी गई थी। जांच के दौरान साइबर सेल टीम के एक्सपर्ट सरयू कुमार, महिपाल, जोगेंद्र चौधरी, मनोज कुमार, गौरव सवेदिया ने खाते से निकाली गई नकदी को होल्ड करा दिया। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद मंगलवार को जगदीश के खाता में ठग द्वारा निकाली गई धनराशि वापस कराई गई। एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि यदि ऑनलाइन ठगी की कोई घटना हो तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना देंं।