कासगंज। नदरई गेट पुलिस चौकी के सामने खड़ी साइकिल पर टंगा नोटों से भरा थैला बाइक सवार बदमाश ले उड़े। थैले में तीन लाख रुपये थे। इसे सेवानिवृत्त शिक्षक बैंक से निकालकर घर जा रहे थे। वारदात दोपहर तीन बजे हुई। घटना के वक्त परचून की दुकान से सेवानिवृत्त शिक्षक खरीदारी कर रहे थे। पीड़ित ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
सेवानिवृत्त शिक्षक ब्रह्म प्रकाश शर्मा निवासी मोहल्ला मोहन चित्रगुप्त कॉलोनी ने सोमवार दोपहर यूनियन बैंक की शाखा से तीन लाख रुपये निकाले। जैसे ही वे नदइई गेट चौकी के सामने पहुंचे रुपयों से भरा थैला साइकिल पर टांगकर कैलाश चंद्र बूरे की दुकान से परचून के सामान की खरीदारी करने लगे। इसी बीच दो बदमाश बाइक से पहुंचे और साइकिल पर टंगा तीन लाख रुपये से भरा थैला लेकर भाग निकले। सेवानिवृत्त शिक्षक की निगाह पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। जब तक लोग जुटे बदमाश भाग चुके थे।
इंस्पेक्टर सिद्धार्थ तोमर व इंस्पेक्टर क्राइम जगमोहन कश्यप ने आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बैंक के सीसीटीवी भी देखे। इंस्पेक्टर सिद्धार्थ तोमर ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है।