मैनपुरी। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एआरटीओ कार्यालय में सक्रिय 3 दलालों के खिलाफ यात्रीकर अधिकारी ने केस दर्ज कराया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 13 जून को डीएम ने औचक निरीक्षण कर संदिग्धों को पकड़कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया था। गौरव सिंह निवासी नगला बलू थाना एलाऊ, रिंकू उर्फ रुस्तम सिंह जाटव निवासी देवपुरा चीतई औंछा हाल निवासी देवपुरा नई बस्ती सदर कोतवाली और राम किशोर निवासी गांव नुनारी कुसमरा थाना किशनी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। डीएम के आदेश पर यात्रीकर अधिकारी इशरत अली ने शुक्रवार को सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया। एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने व अन्य काम के लिए परिसर के अंदर व बाहर दलाल सक्रिय हो गए थे। लोगों को गुमराह कर काम कराने के नाम पर मनमानी वसूली करते हैं। पूर्व में भी कई बार शिकायतों पर कार्रवाई हो चुकी है। एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि दलालों को किसी भी सूरत में सक्रिय नहीं रहने दिया जाएगा। अगर, आवेदकों के साथ कोई छल कर पैसा वसूलेगा तो उनके खिलाफ भी केस दर्ज कराया जाएगा। वह खुद भी समय-समय पर कार्यालय का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही उच्चाधिकारियों के जरिये भी दलालों पर कार्रवाई करा रहे हैं।