कासगंज। ढोलना क्षेत्र के घिनौना गांव में एक खेत के किनारे नीम के हरे पेड़ काटे जा रहे थे। सूचना पर पुलिस के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर संयुक्त कार्रवाई की। हालांकि टीम के पहुंचते ही कटान कर रहे लोग मौके से भाग गए। मामले में दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्र के घिनौना गांव निवासी निम्मू के खेत में खड़े नीम के पेड़ का कटान किया जा रहा था। पांच पेड़ों का कटान कर लिया। तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस के साथ वन विभाग को दे दी। पुलिस और वन विभाग की टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को देख आरोपी मौके से भाग गए। वन विभाग ने कटे पेड़ों की लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। वन रक्षक मोहित ने इस संबंध में निम्मू व लाखन सिंह के खिलाफ हरे पेड़ों का कटान किए जाने की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश कर रही है।