सहावर। चांड़ी मार्ग पर सोमवार को ग्राम नीमरी के समीप अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। एक कार सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसा टेंपो को बचाने के प्रयास में हुआ। मोहल्ला कुरैशी निवासी छोटे कुरैशी (60) कभी समय से बीमार चल रहे थे। वह अपने पुत्र दुलारे कुरैशी (40) व शाने आलम कुरैशी (28) के साथ दवा लेने के लिए अलीगढ़ जा रहे थे। चांड़ी मार्ग पर नीमरी गांव के समीप सामने से आ रहे टेंपो को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो होकर पेड़ से टकरा गई। कार में सवार तीनों ही लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। चीख पुकार पर आस-पास के लोग व राहगीर एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में छोटे की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पुत्र दुलारे और शाने को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दुलारे को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, शाने की हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिजन ने मृतकों के पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया। थाना प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। जबकि एक गंभीर घायल हुआ है। उसे अलीगढ़ रेफर किया गया है।