कासगंज/पटियाली। पटियाली - गंजडुंडवारा मार्ग पर शिवांसी ढाबा के पास बुुधवार की देर रात कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। विजेंद्र (30) निवासी अलीपुर दादर एवं उमेश (25) निवासी मूसेपुरा थाना जैथरा एटा दोनों ही एक ही साइकिल से पटियाली गए हुए थे। जब वह वापस गांव अलीपुर दादर आ रहे थे तो उन्हें कार ने टक्कर मार दी। हादसा शिवांसी ढाबा के समीप हुआ।
हादसे पर आस पास के लोग एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस सड़क हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंच गई। उमेश के शव को पुलिस ने रात्रि में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि विजेंद्र का शव घटना स्थल के समीप झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। उनका शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी गंगा प्रसाद ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। कार को पुलिस ने कब्जे में लिया है। अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।