भोगांव। नगला पति मोड़ के पास रविवार की सुबह वाहन का इंतजार कर रहे एक वृद्ध को कैंटर ने टक्कर मार दी। घायल वृद्ध को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक वृद्ध के पुत्र ने कैंटर चालक के खिलाफ भोगांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।थाना क्षेत्र के गांव छिबकरिया निवासी 70 वर्षीय विश्राम सिंह प्रतिदिन गांव में स्थित मंदिर में पूजा पाठ करने के लिए जाते थे। रविवार को वह पूजा सामग्री लेने के लिए जा रहे थे। नगला पति मोड़ के पास खडे़ होकर वह वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी बेवर की ओर से आए एक टैंकर ने वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में वृद्ध को जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र प्रेम किशोर ने कैंटर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को गिरफ्तार किया है।