कासगंज। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देश पर सड़क हादसों पर नियंत्रण और जन सामान्य में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान मंगलवार को शुरू होगा। उन्होंने जोन के सभी जिलों को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं।अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इस 15 दिवसीय अभियान में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों व ट्रांसपोटर्स के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छाओं को सड़क सुरक्षा के नियमों, यातायात संकेतकों की जानकारी, नुक्कड़ नाटक, चौपाल आयोजित कर जागरूकता की जाएगी। व्यावसायिक संस्थाओं के साथ भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों पर ब्लाइंड मोड़, ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर संबंधित विभाग के समन्वय से व्यवस्थित कराया जाएगा। अवैध पार्किंग, टैक्सी स्टैंड के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई होगी। सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले व्यक्तियों के जीवन रक्षा हेतु प्राथमिक चिकित्सा, कृत्रिम श्वसन देने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं रेडक्रॉस के माध्यम से प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित होगी। इस विशेष अभियान के संबंध में एसपी अंकिता शर्मा ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए हैं।