शिक्षा रूपी वृक्ष पर लगता है ज्ञान रूपी फल
कंपोजिट विद्यालय रठेरा पर मिशन एजूकेशन के तहत लगा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से कंपोजिट विद्यालय रठेरा पर मिशन एजूकेशन के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। वहीं छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई। समिति की तरफ से पहुंची मालिनी बाई ने कहा कि शिक्षा रूपी वृक्ष पर ही ज्ञान रूपी फल लगता है।
शिविर में मालिनी बाई ने छात्र-छात्राओं से सवाल-जवाब किए। इसके बाद उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राए मन लगाकर पढ़ाई करें। एक शिक्षित व्यक्ति ही देश और समाज की उन्नति कर सकता है। समिति के सदस्य सुघर सिंह ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में योग्य शिक्षकों द्वारा शिक्षा प्रदान की जा रही है। अभिभावक अपने बच्चों को समय से स्कूल भेजकर बेहतर शिक्षा प्रदान कराएं। यश्वीर सिंह ने कहा कि बच्चों को स्कूली शिक्षा के साथ ही घर पर भी अभ्यास करना चाहिए। अभिभावक की भी जिम्मेदारी है कि वे बच्चों के बारे में समय-समय पर स्कूल आकर उनकी शिक्षा से संबंधित जानकारी लें। शिविर के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री समिति के सदस्यों ने प्रदान की।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अंबुज यादव, सूरजपाल सिंह, किरन राठौर, रामराज सिंह, रेखा यादव, धर्मेंद्र कुमार, प्रीती यादव, नीरज यादव, मेघा वर्मा मौजूद रहे।