कासगंज। डिपो की बसों के चुनाव ड्यूटी पर लगाए जाने से यात्रियों की परेशानी शुरू हो गई है। इससे बचने के लिए उन्होंने ट्रेनों का रुख किया। इससे ट्रेनों में खासी भीड़ रही। लोगों को टिकट लेने के लिए लंबी कतार में लगना पड़ा। इस बीच रोडवेज ने दिल्ली मार्ग पर जाने वाली बसों के फेरे बढ़ाए हैं जिससे यात्रियों को दिक्कत नहीं हो। रोडवेज बसों के चुनावों की ड्यूटी में लगने से डिपो पर 18 बसों की कमी हो गई है। बुधवार को बस स्टैंड पर पहुंचने यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। बड़ी संख्या में यात्रियों ने ट्रेनों में सफर करना बेहतर समझा। बदायूं, बरेली, मथुरा और कानपुर की ओ जाने वाली ट्रेनों में बुधवार को खासी भीड़ रही। बुकिंग विंडो पर टिकट लेने से लेकर ट्रेन में सीट पाने तक लोगों को परेशानी हुई। मां पूर्णांगिरि मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ भी है। बस संचालन प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि जब चुनाव में गईं ड्यूटी वापस नहीं आती हैं तब तक दिल्ली मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। अन्य मार्गों पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।