कासगंज। शत्रु संपत्ति विभाग की लखनऊ की टीम ने जिले में पहुंचकर राजस्व प्रशासन की मदद से नोवा डेयरी फैक्ट्री के कब्जे में संपत्ति के हिस्से को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया और शत्रु संपत्ति विभाग ने अपना कब्जा कायम किया। वहीं नोवा डेयरी फैक्ट्री की ओर से इस कार्रवाई को गलत बताया गया। शत्रु संपत्ति विभाग से जिला प्रशासन को कार्रवाई के लिए पत्र मिला था। इस पत्र पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। लखनऊ से पर्यवेक्षक प्रशांत सिंह सैनी, सहायक पर्यवेक्षक पवन कुमार की टीम जिले में पहुंची। सदर तहसील से तहसीलदार और लेखपाल सतीश चंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। बताया गया कि कि रकवा 0.216 हेक्टेयर शत्रु संपत्ति थी। जिस पर नोवा डेयरी फैक्ट्री का कब्जा था। इस संपत्ति को न्यायालय के आदेश से कब्जा मुक्त कराया गया। प्रशासन की टीम ने निर्माणाधीन भवन को ढहा दिया। एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि लखनऊ से आई टीम की मौजूदगी में कार्रवाई हुई है। वहीं नोवा डेयरी फैक्ट्री के महाप्रबंधक संजीव शर्मा ने कहा कि भवन तोड़ने की कार्रवाई ठीक नहीं है। इस भूमि की उनके पास लीज है।