कासगंज। शासन से स्थानांतरित किए गए छह लिपिकों को बीएसए ने पद मुक्त कर दिया है। लिपिकों के स्थानांतरण से नगर क्षेत्र पूरी तरह से खाली हो गया है। तीन लिपिकों के सहारे बेसिक शिक्षा विभाग पूरे जिले का कार्य चलाएगा।
जिले में बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर दो लिपिकों के पद हैं, इसमें से एक बाबू ही तैनात है। इसके अलावा सात विकास क्षेत्रों में पांच तथा तीन नगर क्षेत्रों में तीन बाबू तैनात चल रहे थे। विभाग ने जिला कार्यालय पर कार्य की अधिकता को देखते हुए नगर क्षेत्र के तीन बाबुओं को अतरिक्त जिम्मेदारी देकर काम चलाया जा रहा था।
शासन से नगर क्षेत्र में तैनात बाबू नितिन शाक्य, अनिल यादव, राजित यादव एवं विकास क्षेत्रों में तैनात नरेश कुमार जावलिया, विकास शाक्य, मनोज शाक्य का स्थानांतरण तीन दिन पहले शासन से कर दिया। चूंकि बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव यादव के स्थान पर सूर्य प्रताप सिंह को जिले का बीएसए बना दिया गया।
बीएसए राजीव यादव के कार्यमुक्त होकर चले जाने से बाबुओं के कार्यमुक्त होने की प्रकिया नहीं हो सकी। नवागत बीएसए ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद स्थानांतरित किए गए बाबुओं को बुधवार को कार्यमुक्त करने की कार्रवाई की गई। जिले के लिए कोई नए बाबू की तैनाती न होने से अब पूरे जिले में तीन बाबू रह गए हैं।
शासन से छह बाबुओं का स्थानांतरण दूसरे जनपद में कर दिया गया था। इन बाबुओं को कार्यमुक्त कर दिया गया है, जिससे वे अपने स्थानांतरित जनपद में जाकर कार्यभार ग्रहण कर सकें। - सूर्य प्रताप सिंह, बीएसए