सदर कोतवाली के सुल्तानपुरा निवासी विवेक कुमार मंगलवार की दोपहर 1.37 करोड़ रुपये बोरे में भरकर बाइक से भाग गया था। उसकी बाइक आगरा फोर्ट स्टेशन के पास खड़ी मिली थी। यह रकम उसे रकाबगंज क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा करनी थी। पुलिस ने बिजलीघर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में विवेक का ममेरा भाई अमित कुमार कैद हो गया।
विवेक भागने के बाद ममेरे भाई अमित निवासी सिद्धार्थ नगर, गोबर चौकी, ताजगंज से मिला था। अमित अपने दोस्त महेश व राजकपूर के साथ पहुंचा था। विवेक ने करीब 85 लाख रुपये इनको दे दिए थे। शेष रकम लेकर शहर से बाहर भाग गया था। रकाबगंज थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की मदद से वारदात का खुलासा किया गया। पुलिस ने अमित कुमार, मामा लाखन, राजकपूर निवासी नगला जस्सा, सदर, महेश कुमार निवासी नगला परसौती, सदर, बुआ की बेटर सविता निवासी सेवला, भूरी सिंह निवासी कौलक्खा को पकड़ा है।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। घरों में कैश भूसे और डिब्बों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने 85 लाख दो हजार रुपये बरामद किए हैं। एक बाइक भी मिली है। विवेक कुमार की तलाश के लिए एक टीम को शहर से बाहर भेजा गया है। खुलासे में इंस्पेक्टर रकाबगंज प्रदीप कुमार, एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित, स्वॉट प्रभारी अजय कुमार, सर्विलांस प्रभारी सचिन धामा आदि मौजूद रहे।