कुसमरा। नगर पंचायत में वार्ड-1 के लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदकों से लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि रिश्वत न देने पर आवास पात्रता सूची में नाम काटे जा रहे हैं। वार्ड एक निवासी सदा प्यारी पत्नी ध्रुव कठेरिया ने आरोप लगाया कि लेखपाल ने उनसे दो महीने पहले आवास आवंटित करने के लिए पांच हजार रुपये लिए थे। मंगलवार को उनका आवास काट दिया गया और लेखपाल ने केवल दो हजार रुपये ही वापस किए। जब पूरे पैसे वापस मांगे, तो उन्हें वहां से भगा दिया गया। इसी प्रकार अन्य महिला कुंती देवी, सरोजनी, सीमा, सीमा देवी, अनीता, सीमा, नीलम, किरण, किरण शर्मा, संजू, प्रीति, और ऊषा ने भी लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। दूसरी ओर, लेखपाल ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वार्ड एक के एक युवक ने उन पर दबाव बनाकर फर्जी आरोप लगवाए हैं। आरोप लगाने वाली महिलाओं का कहना है कि वे बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर लेखपाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी।