आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में बेहड़ वाली माता मंदिर के पास शुक्रवार सुबह यमुना नदी में युवक का शव मिला। सुबह करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने पानी में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। लोगों की मदद से पुलिस करीब डेढ़ घंटे में शव को नदी से निकाल सकी। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसने सफेद धारीदार टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। शव कई दिन पुराना होने के कारण हालत खराब थी। पैरों की हड्डियां तक गल चुकी थीं। जेब से पहचान का सामान नहीं मिला। पुलिस ने शव मोर्चरी भेजकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।