मैनपुरी। निकाय चुनाव के लिए मतदान के बाद अब 13 मई को मतगणना होनी है। इसके लिए प्रशासन तैयारी में जुट गया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर निकावार टेबिलें स्थापित की जाएंगीं। लेकिन इस बार मतगणना अधिकतम आठ राउंड में ही खत्म करनी होगी। ताकि समय से परिणाम की घोषणा की जा सके। जिले के दस नगर निकायों में अध्यक्ष और सभासद पद के लिए चार मई को मतदान हुआ था। इसके बाद अब 13 मई को मतगणना कराई जाएगी। इसके लिए छह मतगणना स्थलों पर तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के सख्त निर्देश हैं कि हर हाल में गणना एक दिन में और आठ राउंड में ही खत्म करनी होगी। इसके लिए जिला प्रशासन अपनी जरूरत के अनुसार गणना टेबिल लगवाएगा। इसी के चलते सभी निकायों में गणना टेबिलों की संख्या अलग-अलग रहेगी। सर्वाधिक गणना टेबिलें जहां मैनपुरी और करहल में 16-16 तो वहीं सबसे कम ज्योंती खुड़िया में पांच रहेंगी।
एक बार में एक ही वार्ड के बूथों की क्रमवार गणना की जाएगी। एक वार्ड खत्म होने के बाद ही दूसरे वार्ड की गणना शुरू होगी। प्रत्येक टेबिल पर दो गणना टीमें रहेंगी। एक टीम जहां सभासद के मतपत्र की गिनती करेगी तो वहीं दूसरी टीम अध्यक्ष पद के मतपत्रों की गिनती करेगी। एक टीम में एक गणना सुपरवाइजर और गणना सहायक शामिल रहेंगे। प्रत्येक टेबिल पर मतपेटिकाएं लाने के लिए दो सहायक अलग से लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा गणना स्थल पर बैरीकेडिंग और जाली लगाने का काम शुरू हो गया है। मैनपुरी और ज्योंती खुड़िया की मतगणना टीईपी सेंटर मैनपुरी में, भोगांव और बेवर की मतगणना नेशनल डिग्री कॉलेज भोगांव में, किशनी और कुसमरा की मतगणना रामसिंह महाविद्यालय किशनी में की जाएगी। इसके अलावा घिरोर की मतगणना ब्लॉक घिरोर और कुरावली की मतगणना देवनागरी इंटर कॉलेज कुरावली में होगी।
-
सबसे पहले आएगा ज्योंती खुड़िया का परिणाम
नगर पंचायत ज्योंती खुड़िया का परिणाम सबसे पहले आएगा। दरअसल ज्योंती खुड़िया में सबसे कम तीन मतदान केंद्र और दस मतदेय स्थल थे। ऐसे में मजह दस मतपेटिकाओं की ही गिनती यहां की जानी है। ज्योंती खुड़िया में पांच टेबिलें लगाई गई हैं, ऐसे में दो राउंड में यहां गणना पूरी हो जाएगी। इसके बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।