कासगंज। जिले में नगर निकायों के अंतर्गत संचालित हो रहे आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को हॉट कुक्ड (पका भोजन) उपलब्ध कराया जाएगा। इसे तैयार करने के लिए उपयोग में आने वाले बर्तन, सिलिंडर, चूल्हा सहित अन्य व्यवस्थाएं नगर निकाय जुटाएंगे। प्रभारी डीपीओ ने निकायों को पत्र जारी किया है। निकाय केंद्रीय वित्त, राज्य वित्त एवं अन्य वित्त से इसका भुगतान कर सकेंगे।आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन से छह वर्ष के बच्चों के लिए अब विद्यालयों की रसोइया या फिर वहां तैनात सहायिका हॉट कुक्ड तैयार कर बच्चों को भोजन कराएंगी। हॉट कुक्ड तैयार करने के लिए नगरीय क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध नहीं है। इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए जिले की तीन नगर पालिका और सात नगर पंचायत को आंगनबाड़ी विभाग की प्रभारी डीपीओ ने पत्र जारी किया है। उन्होंने प्रमुख सचिव का हवाला देते हुए कहा है कि सभी निकाय आंगनबाड़ी केंद्र पर हॉट कुक्ड तैयार करने के लिए गैस सिलिंडर, चूल्हा, भोजन तैयार करने और बच्चों के को परोसे जाने के लिए बर्तन नगर निकाय उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए सभी निकायों को केंद्रीय वित्त, राज्य वित्त सहित अन्य वित्त से इसका भुगतान करने का अधिकार होगा। प्रभारी डीपीओ के पत्र प्राप्ति के साथ ही सभी निकाय व्यवस्थाएं जुटाने में लग गए हैं।नगर निकाय आंगनबाड़ी केंद्रों पर जो बर्तन उपलब्ध कराएंगे उनमें कुकर, भगोना, ढक्कन, चमचा, परात, चकला, बेलन, तवा, चिमटा, बाल्टी, जग, 25 भोजन थाल, 25 चम्मच, 25 गिलास इसके अलावा गैस सिलिंडर और चूल्हा भी शामिल रहेगा।