सहावर। तहसील क्षेत्र के अमांपुर के मोहल्ला एकता नगर में एक घर के अंदर रखे एलपीजी सिलिंडर में आग लगने के बाद धमका हो गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। दमकल की गाडि़यों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से घरेलू सामान जल गया। मोहल्ले के एकता नगर निवासी अखंड प्रताप की पत्नी गैस पर कुछ सामान पकाकर रखने के बाद घर के बाहर आ गई। बच्चे भी घर के बाहर खेल रहे थे। अचानक सिलिंडर में आग लग गई। जब परिवार के लोगों ने आग की लपटें देखी तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते आग ने तेजी पकड ली और उसमें धमका हो गया। आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वही जानकारी मिलने पर तहसीलदार संदीप चौधरी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। गृह स्वामी ने बताया कि आग से लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तहसीलदार ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।