मथुरा जिले में एक बार फिर कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन जोर पकड़ने लगा है। मांट क्षेत्र में शुक्रवार को कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू टिकैत) द्वारा यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। पहले दिन तीन बूथों पर किसानों ने कब्जा कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
कृषि बिल के विरोध, सर्विस रोड निर्माण, जाबरा टोल प्लाजा पर कट आदि मुद्दों को लेकर भाकियू टिकैत ने राष्ट्रीय आह्वान पर किसानों ने यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। नोएडा से आगरा की तरफ जाने वाली साइड में धरना-प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने तीन बूथों पर कब्जा कर लिया। केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की।
भाकियू जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होगा। हमारी मांगे नहीं मानी जाएंगी, तब तक धरना चलता रहेगा। धरना प्रदर्शन में भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्धा सिंह प्रधान, मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह परिहार, मंडल उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह गावर, नरेंद्र सिंह प्रधान, धीरी सिंह, सोनवीर सिंह, रोहताश चौधरी, मुकेश पहलवान, चेतन नौहवार आदि मौजूद थे। शांति व्यवस्था के लिए कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा।