आगरा में भाजपा युवा मोर्चा का कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी ने कहा कि पहले सिर्फ इटावा जिले को बिजली मिलती थी, अब हर जिले को एकसमान आपूर्ति होती है। पहले एक ही जाति के लोगों को नौकरी मिलती थी, लेकिन अब हर पात्र को। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लैपटॉप चलाना नहीं आने की बात कहते हैं, लेकिन योगीजी क्या-क्या चलाना जानते हैं, उसके बारे में मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद से पूछ लेना चाहिए।
राम मंदिर का निर्माण हो रहा है...
बृहस्पतिवार को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान पर भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। उसमें मुख्य अतिथि भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना है। उन्होंने कहा कि जब देश में कांग्रेस की सरकार थी तो, बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से आए दिन फायरिंग होती थी। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास बाबा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हरिओम रावत, महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित, मेयर नवीन जैन, राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, विधायक रामप्रताप सिंह चौहान, पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबेश, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हरिओम रावत, जिला मंत्री सहदेव शर्मा, बीना लवानियां, महानगर उपाध्यक्ष गोगा मौर्या आदि मौजूद रहे। युवा सम्मेलन में भीड़ कम पहुंचने के कारण पीछे की तरफ की कुर्सियां खाली रहीं। इसको लेकर पत्रकारों ने प्रदेशाध्यक्ष से सवाल किया तो, वह बोले कि जिला संगठन से बात की जाएगी।
पलायन और मुजफ्फरनगर दंगे दिलाई याद
सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं ने कैराना पलायन और मुजफ्फरनगर के सांप्रदायिक दंगे की भी याद दिलाई। कहा कि पूर्व की सपा सरकार में तुष्टिकरण होता था, वर्ग विशेष का ख्याल रहता था। साथ ही असदुद्दीन औवेसी के 15 मिनट पुलिस को हटा लो वाले बयान पर भी एक नेता ने तल्ख तेवर में कहा कि 15 नहीं, 10 मिनट में ही ऐसा इलाज हो जाएगा कि औवेसी को पाकिस्तान जाना पड़ेगा।