किशनी/करहल। लोकसभा उपचुनाव में सपा और भाजपा पूरी ताकत झोंक रही है। इसके चलते बृहस्पतिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने किशनी और करहल में बूथ अध्यक्ष और सेक्टर संयोजकों को संबोधित किया। इस दौरान वे पूर्व सरकारों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थीं, लेकिन भाजपा सरकार जनता के साथ खड़ी है।
किशनी के दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भोगांव और किशनी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष व सेक्टर संयोजकों का जीत के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जिन सरकारों में संकट मोचन मंदिर अयोध्या, लखनऊ कचहरी में विस्फोट हुए थे, आरोपियों के मुकदमों को तत्कालीन सरकारों ने वापस करने का काम किया था। पिछली सरकारें दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थीं। केंद्र की नरेंद्र मोदी व यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने हर वर्ग का विकास किया। इसके कारण आज जनता में भाजपा की लहर चल रही है। भाजपा में परिवारवाद नहीं है, लेकिन सपा मुलायम के बाद अखिलेश और अब डिंपल पर आकर रुक गयी है। वहां एक ही परिवार के लोग अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। सम्मेलन में फरैंजी प्रधान रणवीर शाक्य व जटपुरा प्रधान सुवानल्लाह अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने रामनामी पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
वहीं करहल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य को पूरा करने का काम किया। समाजवादी पार्टी ने विकास में भी भेदभाव किया। सबका साथ सबका विकास का संकल्प केंद्र व प्रदेश की सरकार पूरा कर रही है। मैनपुरी सीट कभी न जीत पाने की आप सबके मन में जो टीस है उस इतिहास को इस बार जनता बदल देगी। परिवारवाद के हम आलोचक हैं और इसे मिलकर दूर करेंगे। एक बार भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य को काम करने का अवसर जरूर देने की उन्होंने अपील की।
करहल और जसवंतनगर में आएंगे योगी आदित्यनाथ
किशनी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि करहल और जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा होनी है। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करें। हर हाल में तीन दिसंबर तक घर-घर पर्ची वितरित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान खेलकूद मंत्री गिरीश यादव, प्रदेश महामंत्री व ब्रज प्रांत प्रभारी अश्वनी त्यागी, ब्रज प्रांत अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, एटा सांसद राजवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिला प्रभारी दिनेश वशिष्ठ, पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष कन्नौज प्रिया शाक्य ने भी संबोधित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, अनुराग पांडे, रमाशंकर तिवारी, प्रियरंजन आशू दिवाकर, प्रदीप तिवारी, राहुल राठौर, मनेश चौहान, अनिल मिश्रा, ओमजी दुबे, जीतू सिसौदिया, विशाल बाल्मीकि, नीरज पांडेय, रमेश चंद्र गुप्ता, हृदेश शाक्य, सूर्यप्रताप चौहान, आदेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।