उत्तर प्रदेश के एटा जिले की विधानसभा जलेसर से भाजपा विधायक संजीव दिवाकर के 11 वर्षीय पुत्र रेनू की आगरा स्थित निवास पर मंगलवार दोपहर मौत हो गई। शव यहां आते ही लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा। वहीं पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है।
विधायक का परिवार आगरा के सिकंदरा स्थित भावना स्टेट में रहता है।
बताया गया है कि रेनू की दोपहर के समय अचानक तबीयत खराब हुई। तुरंत परिजन उसे लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां उसे मृत बता दिया गया। इसके बाद शव को जलेसर स्थित आवास पर लाया गया। इससे पहले ही सूचना मिलने पर वहां पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं परिचितों व समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। शव के आने तक अपार भीड़ एकत्रित हो गई। बाबा मुन्नीलाल ने बताया कि रेनू कक्षा आठ का छात्र था और पढ़ने में काफी तेज था।
ये भी पढ़ें - Mainpuri: शहनाई से पहले बड़ा हादसा, गैस सिलिंडर में लगी आग, दूल्हा सहित आठ झुलसे
प्रचार रोककर पहुंचे प्रत्याशी
विधायक के पुत्र की मृत्यु की खबर सुनते ही भाजपा का चुनाव प्रचार पूरी तरह थम गया। जलेसर सहित अवागढ़ और निधौली कलां के भाजपा प्रत्याशी और कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंच गए। शोकसंतृप्त विधायक को सभी सांत्वना देने में लगे थे।