कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह व अन्य नेता
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में लोकसभा उपचुनाव को लेकर स्टेशन रोड पर क्रिश्चियन मैदान के सामने कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि ये उपचुनाव राजनीति की दिशा तय करेगा। भाजपा कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहते हैं। भाजपा उपचुनाव जीतेगी। सपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
भयमुक्त माहौल में होगा उपचुनाव
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि उपचुनाव भयमुक्त माहौल में होगा। हर मतदाता मतदान करेगा। मतदान प्रभावित और बाधित करने की कोशिश पूरी नहीं होने दी जाएगी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस बार मैनपुरी लोकसभा सीट पर कमल खिलेगा। सपा का मिथक टूट जाएगा। सपा की गुंडागर्दी से परेशान मतदाता भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे। विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, सरिता भदौरिया, सुशील शाक्य, सुमंत गुप्ता, आलोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, प्रेमसिंह शाक्य, अशोक चौहान, नरेंद्र राठौर, दिनेश वशिष्ठ, मानवेंद्र सिंह, सौरभ दुबे, राहुल चतुर्वेदी, ममता राजपूत, विमला राजपूत, साधना तिवारी मौजूद रहे।
इसलिए किया चाचा-भतीजे ने समझौता
वहीं भोगांव के जीटी रोड स्थित एक मैरिज होम में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में एटा सदर विधायक विपिन कुमार उर्फ डेविट वर्मा ने कहा कि जो लोग मैनपुरी सीट को अपना मान रहे हैं। उनका घमंड उपचुनाव में टूट जाएगा। इस बार उपचुनाव में सपाइयों की गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। लोकतांत्रिक तरीके से पारदर्शी मतदान होगा। कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा जसवंतनगर से जीत दर्ज कराते हुए मैनपुरी जनपद की ओर बढ़ेगी। रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि चाचा और भतीजे ने सीट बचाने को समझौता कर लिया है। पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, प्रेमसिंह शाक्य, अशोक चौहान, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता राजपूत, बृज प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व एमएलसी सुधाकर वर्मा, भल्लू चौहान, दिनेश वशिष्ट मौजूद रहे।