कासगंज। कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान में हिंदुओं को हिंसक बताए जाने पर भाजपाइयों ने आक्रोश जताया है। वहीं पैदल मार्च कर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही राहुल गांधी से हिंदुओं से माफी मांगनें की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने कहा कि बहुसंख्यक हिंदुओं को अपमानित करने का कार्य कांग्रेस और राहुल गांधी कर रहे हैं। चुनाव के दौरान हिंदू का मुखौटा लगाकर वोट मांगे। अब हिंदुओं को हिंसक बता रहे हैं। भाजपा उनके इस बयान की निंदा करती है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार ने कहा कि राहुल गांधी को हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी का असली चेहरा अब सभी के सामने आ गया। भाजपाइयों ने गांधी मूर्ति से बिलराम गेट तक पैदल मार्च किया और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिलराम गेट तक गए। इस दौरान नीरज शर्मा, कौशल साहू, कृष्णा राजपूत, खूब सिंह लोधी, डीएस लोधी, केपी सिंह, संजय पुंढीर, शरद गुप्ता आदि मौजूद रहे।