कासगंज। सिढ़पुरा के भाजपा नेता श्यामसुंदर गुप्ता का पुत्र पांच दिन पूर्व लापता हो गया। सिढ़पुरा थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
18 जून को सुबह करीब 11 बजे प्रबल गुप्ता अपने घर मोहल्ला कायस्थान से अपनी कार लेकर सोरोंजी गया था। सोरोंजी में अपनी शराब की दुकान पर प्रबल ने कार खड़ी की और सेल्समैन कृष्णवीर को गाड़ी की चाबी देकर कहा कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन वह शाम तक दुकान पर नहीं लौटा और कार खड़ी रही। प्रबल की गाड़ी में उसके दो मोबाइल फोन भी रखे हुुए थे जिस कारण उससे संपर्क नहीं हो सका। मामले की जानकारी परिवार के लोगों को हुई तो परिवार के लोग भी सकते में आ गए। प्रबल की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने बताया कि वह काले रंग की पैंट व आसमानी रंग की शर्ट पहने हुए है। पैरों में स्पोर्ट्स जूते पहने है। रंग सांवला है। प्रबल के लापता होने से परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं। पुलिस गुमशुदगी दर्ज करके लापता युवक का सुराग जुटाने में लगी है।