मैनुपरी। लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा प्रत्याशी खास होगा। इस बार भाजपा को मैनपुरी सीट फतेह करने की आस बंध गई है। यही कारण है कि इस बार प्रत्याशी भी भाजपा कोई खास ही लाएगी। सूत्रों के अनुसार फरवरी के अंत तक भाजपा भी प्रत्याशी को मैदान में उतार देगी। सपा पहले ही मैनपुरी से डिंपल यादव को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश और देश में डंका बज रहा है, लेकिन मैनपुरी लोकसभा सीट पर कोई भी दांव या पेच भाजपा को जीत नहीं दिला सका। पहले जहां कांग्रेस का दबदबा रहा तो वहीं सपा के गठन के बाद आज तक ये सीट सपा का अजेय गढ़ रही है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद भी उप चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। डिंपल यादव ने 2.88 लाख वोटों से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को पटखनी दी थी।
अब 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसके लिए पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष के रूप में पासे फिट किए जा चुके हैं। अब इस बिसात पर केवल सेनापति का ही आना बाकी रह गया है। सपा ने अपने पत्ते खोल दिए हैं, जिससे साफ हो गया है कि डिंपल यादव ही मुलायम की विरासत पर अब सियासत करेंगी। ऐसे में भाजपा भी एक जिताऊ प्रत्याशी की तलाश में है। सूत्रों के अनुसार भाजपा इस बार मजबूत प्रत्याशी उतारने की पूरी तैयारी में है। ये प्रत्याशी फरवरी के अंतिम सप्ताह तक घोषित हो जाएगा। हालांकि पार्टी पदाधिकारी अभी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। लेकिन जीत का दावा वे पूरे दम से कर रहे हैं। अब देखना ये है कि भाजपा की ये आस अधूरी रहेगी या फिर पूरी होगी।