जंगले की जाली तोड़कर भाग गया बाइक चोर
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज सदर कोतवाली पुलिस की हिरासत से एक बाइक चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बाइक चोर युवक ने पेशाब जाने का बहाना बनाया। उसे कोतवाली के शौचालय में ले जाया गया। जहां से वह जंगले की जाली तोड़कर फरार हो गया। पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो खलबली मच गई। पुलिस ईद की नमाज की सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थी। जिसका बाइक चोर ने लाभ उठाया। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले की जांच सीओ सदर दीप कुमार पंत को सौंपी है।
सिढ़पुरा से पकड़ा था आरोपी
बाइक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए युवक सोनू को सिढ़पुरा से लाया गया था। वह कोतवाली में ही पुलिस की हिरासत में था। पुलिस को सूचना मिली कि युवक बाइक चोर गिरोह का सदस्य है। पुलिस उसके बाइक चोरी के मामलों की जानकारी के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन ईद पर्व की व्यस्तता के कारण पुलिस पूरी तरह पूछताछ नहीं कर पाई। सुबह करीब साढ़े नौ बजे युवक ने पेशाब जाने का बहाना किया तो सदर कोतवाली के पहरे पर तैनात पुलिसकर्मी उसे शौचालय ले गया।
अंदर नहीं मिला कोई
जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो शौचालय का गेट खोलकर देखा गया तो अंदर कोई नहीं था। तब तक पुलिस हिरासत से शौचालय के जंगले की जाली तोड़कर युवक फरार हो गया था। कोतवाली निरीक्षक सिद्धार्थ तोमर ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी है।
जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी
सीओ सिटी दीप कुमार पंत ने बताया कि पुलिस हिरासत से युवक के भागने के मामले की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। बाइक चोरी के मामले में बाइक चोर युवक को हिरासत में लिया गया था। उससे चोरी की बाइकें बरामद होने की उम्मीद थी ।