खंदौली। आगरा-हाथरस हाईवे पर पुरानी केनरा बैंक के सामने बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने कपड़ा कारोबारी की बेटी से लूट की। झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन ले गए। चीख सुनकर आसपास के लोग जुटे। पुलिस भी पहुंच गई। एक सीसीटीवी कैमरे में कुछ तस्वीरें मिली हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
व्यापारियन मोहल्ला निवासी राधामोहन अग्रवाल कपड़ा कारोबारी हैं। सुबह 7:20 बजे उनकी बेटी जूली अपने भाई सोनू के घर से पुराने मकान पर पैदल आ रही थी। पुरानी केनरा बैंक के सामने पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूटने के लिए जूली के गले पर झपट्टा मारा। जूली ने एक बदमाश की शर्ट का कालर पकड़ लिया। इस पर बदमाश ने उसे धक्का दिया और चेन लूट कर सादाबाद की ओर भाग गए। शोर सुनकर कुछ लोग दौड़े लेकिन बदमाश भाग चुके थे।
सूचना पर सीओ एत्मादपुर रवि कुुमार गुप्ता फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। सीओ रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पास की एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ तस्वीरें कैद हुई हैं। तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है।
लूट के बाद मौके पर पहुंचे जूली के पिता राधामोहन ने बताया कि उन्होंने आधे घंटे तक 112 नंबर पर फोन मिलाया लेकिन फोन नहीं लगा। बाद में थाने पर सूचना दी।
जिस स्थान पर कपड़ा कारोबारी की बेटी के साथ लूट हुई, उससे मात्र 20 मीटर की दूरी पर थाने का एक सिपाही और एक गार्ड खड़े थे। वे बिना वर्दी अपने कपड़े प्रेस करा रहे थे। राधामोहन ने बताया कि लूट के बाद बाइक सवार बदमाश सादाबाद की तरफ भागे थे। जूली बाइक पर पुलिस लिखा देख भागते हुए प्रेस करा रहे सिपाही के पास पहुंची। लूट की जानकारी देकर पीछा करने के लिए कहा लेकिन पुलिस वाले ने जूली की बात अनसुनी कर दी। यहां तक कहा कि अब तो भाग गए, पीछा करने से क्या होगा।