बाइक सवार बदमाश लूट ले गए जेवर से भरा बैग
- कुरावली क्षेत्र में हुई वारदात, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जेवर लेकर बाइक से गांव चीतई औंछा लौट रहे युवक का जेवर से भरा बैग कुरावली क्षेत्र में लूट लिया गया। छीना झपटी के दौरान युवक की पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गई। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव चीतई निवासी अनुज शाक्य की बहन की शादी है। रविवार को वह बच्चों और पत्नी के साथ जेवर लेकर अपनी ससुराल गांव भोजपुर थाना बिछवां गया था। वहां से अपनी साली को लेकर घिरोर रोड होते हुए घर वापस लौट रहा था। उसने अपने बैग जिसमें एक सोने की चेन, दो झुमकी, चार अंगूठी, करधनी, पायल आदि रखे हुए थे। उसे आगे अपने हाथों के बीच में रखे हुए था। बाइक जब थाना कुरावली क्षेत्र में गांव सोनई के पास पहुंचा। तभी कुरावली की ओर से अपाचे बाइक पर आए दो बदमाशों ने छीनाझपटी कर उसका बैग छीन लिया और भाग निकले। छीनाझपटी के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और उसकी पत्नी सड़क पर गिर कर घायल हो गई। बच्चों को वही छोड़ कर अनुज ने बदमाशों का पड़रिया चौराहा तक पीछा भी किया लेकिन हाथ नहीं आ सके। लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर आ गई। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।