पटियाली। अलीगंज पटियाली- अलीगंज मार्ग के तिराहे पर मंगलवार देर शाम कार की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया ।
सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम काली गड़िया निवासी पूरन सिंह 28 पुत्र महीपाल सिंह अपने गांव के ही युवक चोब सिंह (25) के साथ बाइक से ग्राम दरियावगंज जा रहा था । बाइक को पूरन सिंह चला रहा था। उसकी बाइक जैसे ही अलीगंज मार्ग के तिराहे पर पहुंची। तभी दरियाबगंज की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ही बाइक सवार दूर जा गिरे। कार चालक भागने में कामयाब रहा। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरीश पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों ही घायलों को सीएचसी ले गए। । जहां मौजूद चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुल्तान अहमद ने पूरन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं चोव सिंह की गम्भीर हालत को देखते जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया। पूरन सिंह की मौत की सूचना जैसे ही उसके गांव में पहुंची तो परिवार में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा हैं।
एक वर्ष पूर्व हुई थी भाई की मौत
पटियाली। सड़क हादसे में मृतक पूरन सिंह तीन भाईयों में सबसे बड़ा भाई था। एक वर्ष पूर्व उसका छोटे भाई विनोद की अचानक ही मौत हो गई। भाई की मौत से अभी पूरा परिवार सदमे से उवर भी नही पाया था कि मंगलवार की रात सड़क हादसे में पूरन सिंह की अचानक मौत हो गई । हादसे से पूरे परिवार में चीत्कार मचा हुआ है।