कासगंज। बिड़ला हॉस्पिटल के सामने रविवार रात बाइक और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सालय ले जाते समय युवक की मौत हो गई। युवक अपने परिवार में पांच बहनों के बीच अकेला भाई था।
हादसे का शिकार युवक विनीत (28) पुत्र सुनहरी लाल निवासी नगरिया सोरोंजी लहसुन की बिक्री करने के बाद मोहनपुरा से वापस नगरिया लौट रहा था। तभी बिड़ला अस्पताल के समीप स्कूटी से बाइक सवार की भिड़ंत हो गई। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और उसके गंभीर चोट आ गई। बाइक सवार युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के परिवार के लोगों को मामले की जानकारी दी गई तो वे भी मौके पर आए। युवक के परिवार में चीत्कार मच गया। परिवार के लोगों ने बताया कि युवक की दो साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी एक सात माह की बेटी ट्विंकल है। बताया गया कि वह अपनी पांच बहनों के बीच में इकलौता भाई था। युवक की मौत हो जाने पर परिवार के लोग चीत्कार कर उठे। युवक के बहनोई ललित ने बताया कि परिवार की जिम्मेदारी युवक के ऊपर थी। युवक की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।